केशकाल/कोंडागांव, 25 मार्च 2026। नवरात्र पर्व के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर केशकाल पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी केशकाल अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में थाना केशकाल पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत प्रेशर हॉर्न लगाकर वाहन चलाने और बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 11 प्रकरण दर्ज करते हुए 13 हजार रुपये का समंस शुल्क वसूला।
केशकाल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि घाटी क्षेत्र को पार करते समय ओवरटेक न करें, अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटी क्षेत्र में फ्लेक्स बैनर भी लगवाए गए हैं, ताकि वाहन चालक सतर्क रहकर नियमों का पालन करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि नवरात्र जैसे त्योहारी समय में आमजन की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अनावश्यक हॉर्न का उपयोग न करने की अपील की गई है।
