राजस्व विभाग में सख्ती, 1 आरआई और 14 पटवारियों को नोटिस

जिले में राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिला कार्यालय में राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरूण कुमार किरण (आईएएस) ने की। बैठक में अपर कलेक्टर ओंकार यादव और प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख टी.आर. भारद्वाज भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिले में चल रहे मसाहती सर्वेक्षण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि कोरबा जिले में कुल 113 मसाहती ग्रामों में सर्वे का कार्य चल रहा है। इनमें से 8 ग्रामों का अंतिम प्रकाशन और 12 ग्रामों का प्रारंभिक प्रकाशन पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष ग्रामों में सर्वेक्षण कार्य जारी है।

अधिकारियों ने राजस्व निरीक्षकों और हल्का पटवारियों को निर्देश दिए कि ग्रामवार खसरों का सत्यापन, प्रारंभिक और अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। साथ ही राजस्व अभिलेखों की स्वच्छ और अद्यतन प्रतियां तैयार करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में यह भी बताया गया कि मसाहती ग्रामों के सर्वेक्षण कार्य की साप्ताहिक समीक्षा स्वयं कलेक्टर द्वारा की जाएगी। कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर एक राजस्व निरीक्षक और 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

इसके अलावा बैठक में डीसीएस के अंतर्गत रबी फसल सर्वेक्षण, सातवीं लघु सिंचाई संगणना, डिजिटल किसान किताब, सीमांकन कार्यों की प्रगति, वन अधिकार अधिनियम के तहत पट्टा नामांतरण, स्वामित्व योजना, नक्शा बटांकन और नवीनीकरण जैसे महत्वपूर्ण राजस्व कार्यों की भी समीक्षा की गई। सभी अधिकारियों को इन कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

Related Post