कांबिंग ऑपरेशन से हड़कंप, 126 वारंटी गिरफ्तार

जिले में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने व्यापक रात्रि कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 10 फरवरी की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन कार्रवाई की गई। इस अभियान में लगभग 300 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों, संदिग्ध स्थलों, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थानों और वारंटियों के निवासों पर दबिश दी। अभियान के दौरान कुल 126 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 50 स्थायी वारंटी और 76 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इसके अलावा गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी पकड़कर न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए अभिरक्षा में लिया गया।

निगरानी सूची में दर्ज 41 गुंडा/बदमाशों की सघन चेकिंग कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया और उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 10 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से धारदार हथियार बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। वहीं, सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। बीते एक सप्ताह में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 105 चालकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं।

समस्त थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों, पेट्रोलिंग स्टाफ और विशेष टीमों ने समन्वित और योजनाबद्ध तरीके से इस अभियान को सफल बनाया।

बिलासपुर पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। वारंटी, फरार आरोपी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने का आग्रह किया गया है। अपराधियों के विरुद्ध सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post