शहर से सटे पोटानार क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रेती-गिट्टी से लदा एक हाईवा वाहन तेज रफ्तार और लापरवाही के साथ चलते हुए सड़क पर पैदल जा रही एक महिला को कुचलता हुआ निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का पूरा मंजर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह भारी वाहन चालक ने बिना सावधानी बरते महिला को अपनी चपेट में ले लिया और उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला।
इस हादसे से मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और हादसे लेकर गहरा आक्रोश जताया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पोटानार और आसपास के इलाकों में हाईवा और अन्य भारी वाहन बेखौफ तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की गति पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए, नियमित जांच हो और लापरवाह चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन चालक की पहचान की जा रही है। प्रशासन की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि क्या भारी वाहनों की लापरवाही पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, या मासूम जिंदगियां यूं ही रफ्तार की भेंट चढ़ती रहेंगी।
