दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए टिकट चेकिंग और पार्सल स्टाफ को सम्मानित किया, जिन्होंने रेलवे की वाणिज्यिक सेवाओं को डिजिटल रूप में रूपांतरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय की अगुवाई में डिजिटल इंडिया अभियान की भावना के अनुरूप यह पहल शुरू की गई। उन्होंने यह रणनीति बनाई कि रेलवे की सभी वाणिज्यिक गतिविधियां चरणबद्ध रूप से पूर्णतः डिजिटल हों।
इस अभियान के अंतर्गत अब पार्सल कार्यालयों में 100% डिजिटल लेन-देन और ट्रेनों में कार्यरत टीटीई 35–40% तक डिजिटल QR कोड से भुगतान स्वीकार कर रहे हैं। यह यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और आधुनिक सेवा देने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।
इस शानदार सफलता में सहयोग देने वाले कर्मचारियों को आज बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल में सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में शामिल हैं:
एस.एन. जना (मुख्य टिकट निरीक्षक, ब्रजराजनगर)
डी.के. राव (टिकट निरीक्षक, बिलासपुर)
के. भास्कर आचार्य (वाणिज्य पर्यवेक्षक, चांपा)
अशोक कुमार यादव (टिकट निरीक्षक, दुर्ग)
के.वी. राव (मुख्य टिकट निरीक्षक, रायपुर)
प्रबल मित्रा (मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक, रायपुर)
बीरेंद्र कुमार व राजकुमार (मुख्य टिकट निरीक्षक, नागपुर)
अजीत कुमार (मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक, गोंदिया)
इनके अलावा कुल 27 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने रेलवे सेवाओं को आधुनिक व तकनीक-संपन्न बनाने में योगदान दिया।
सम्मान प्राप्त करने वाले कर्मचारियों ने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित करेगा। साथ ही उन्होंने डिजिटल ट्रांजेक्शन के लाभों को यात्रियों और अन्य कर्मचारियों तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।
प्रधान वाणिज्य प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा–“यह हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम हर यात्री और कर्मचारी को डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म से जोड़ें और 'डिजिटल रेल, डिजिटल इंडिया' के सपने को साकार करें।”
