फ़रसगांव / कोंडागांव, 05 फरवरी 2026 | शासकीय हाई स्कूल भोंगापाल में पदस्थ प्रभारी प्राचार्य टामेश्वर दीवान के खिलाफ गंभीर शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शाला प्रबंधक एवं विकास समिति ग्राम पंचायत भोंगापाल तथा भाजपा मंडल बड़े डोंगर द्वारा सौंपे गए आवेदन में प्रभारी प्राचार्य पर नियमित रूप से विद्यालय नहीं आने, कम समय में स्कूल छोड़ने, फर्जी उपस्थिति दर्ज करने और छात्रों व स्कूल प्रबंधन समिति के साथ अनुचित व्यवहार करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी फ़रसगांव द्वारा टामेश्वर दीवान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में उल्लेख है कि जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश दिनांक 28 नवंबर 2025 के बावजूद प्रभारी प्राचार्य ने अपनी नवीन पदस्थापना स्थल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गई में कार्यभार ग्रहण नहीं किया, जिसे आदेश की अवहेलना और घोर लापरवाही माना गया है। निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं देने की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
गौरतलब है कि कोंडागांव जिले में 21 फरवरी से बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं प्रारंभ होने जा रही हैं। ऐसे संवेदनशील समय में प्रभारी प्राचार्य द्वारा लगातार कार्य के प्रति अनदेखी और लापरवाही बरतने से छात्रों की पढ़ाई और भविष्य पर गहरा संकट मंडरा रहा है। अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों ने मामले में तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों की रक्षा की जा सके।
