मनरेगा योजना में प्रस्तावित बदलावों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत कलेक्टर कार्यालय घेराव का ऐलान किया है। जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 फरवरी, मंगलवार को दोपहर 1 बजे कांग्रेसजन जांजगीर-चांपा रोड स्थित मदनलाल के बंद पेट्रोल पंप के पास एकत्रित होंगे और वहां से रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच करेंगे।
कांग्रेस का यह प्रदर्शन केंद्र सरकार की नीतियों और महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में किए जा रहे बदलावों के विरोध में राष्ट्रव्यापी आंदोलन का हिस्सा बताया गया है। पार्टी का आरोप है कि योजना का नाम बदलकर ‘विकसित भारत गारंटी आजीविका मिशन ग्रामीण’ किया जाना तथा वित्तीय प्रावधानों और कार्य चयन प्रक्रिया में परिवर्तन गरीबों और मजदूरों के हित में नहीं है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के लिए महत्वपूर्ण रोजगार गारंटी योजना रही है। इसमें बदलाव से मजदूरों को काम मिलने में कठिनाई होगी और पलायन की स्थिति पैदा हो सकती है। साथ ही महात्मा गांधी के नाम को हटाना उनके ग्राम स्वराज और रामराज्य की अवधारणा के विपरीत बताया गया है।
प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश प्रभारी विजय जांगिड़, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित विधायकगण और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
कांग्रेस ने सभी जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्यों, पंच-सरपंचों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
