जर्वे में 5 करोड़ की लागत से बनेगा सरदार पटेल ऑडिटोरियम, अथरिया कुर्मी समाज के लिए ऐतिहासिक दिन

जांजगीर-चांपा। अथरिया कुर्मी क्षत्रिय समाज के लिए आज का दिन गौरव और खुशी से भरा रहा। ग्राम जर्वे (च) में लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल ऑडिटोरियम एवं आवासीय परिसर का विधिपूर्वक शिलान्यास संपन्न हुआ। यह आयोजन केवल एक भवन के निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि समाज की एकता, संगठन और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव के रूप में देखा जा रहा है।

 

इस गरिमामयी कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक व्यासनारायण कश्यप मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ अथरिया कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर कश्यप, युवा प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर कश्यप, सचिव फूलचंद कश्यप तथा संरक्षक सहसराम कौशिक सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य लोग शामिल हुए।

 

समाज की एकता और विकास का प्रतीक बनेगा परिसर

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ऑडिटोरियम एवं आवासीय परिसर समाज के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। यहां सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा, जिससे समाज के लोगों को संगठित होने और अपनी परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

 

बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित

शिलान्यास कार्यक्रम में कनौजिया कुर्मी एकता मंच के अध्यक्ष संतोष कश्यप, उप महानिरीक्षक देवी राम कौशिक, ओमप्रकाश कौशिक, ग्राम जर्वे (च) की सरपंच श्रीमती उत्तरा कमल कश्यप, जनपद सदस्य निमिष कश्यप सहित समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

इसके अलावा तुलेश्वर कौशिक, प्रमोद कश्यप, हिमांशु कश्यप, प्रीतम कौशिक, टीकम कश्यप, संतोष कश्यप, तुमनाथ कश्यप, जोतराम कश्यप, भगतराम कश्यप, गिरधारी कश्यप, योगेश कश्यप और उद्धव प्रसाद कश्यप सहित बड़ी संख्या में समाज के स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे।

 

आने वाली पीढ़ियों के लिए बनेगा प्रेरणा केंद्र

कार्यक्रम के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यह ऑडिटोरियम और आवासीय परिसर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और संगठन का केंद्र बनेगा। समाज की एकजुटता और सहयोग से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार किया जा रहा है, जो सामाजिक उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

 

 

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, समाज के पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण से यह ऐतिहासिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह परिसर भविष्य में समाज के विकास और एकता का मजबूत आधार बनेगा।

Related Post