डीएम के औचक निरीक्षण में बीडीओ समेत कई स्वास्थ्य कर्मचारियों का वेतन रोका

गाजीपुर। डीएम अनुपम शुक्ला ने विकासखंड मनिहारी का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जांची गई और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

ब्लॉक कार्यालय में साफ-सफाई, अभिलेखों का रख-रखाव, आईजीआरएस, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और प्रधानमंत्री आवास प्लस की फीडिंग का भी जायजा लिया गया। इस दौरान खंड विकास अधिकारी की अनुशासनहीनता और फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोककर स्पष्टीकरण तलब किया।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी जखनियां को क्षेत्र पंचायत के पांच कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही विकासखंड परिसर के सौंदर्यीकरण को तीन माह में पूरा करने का लक्ष्य तय किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी का निरीक्षण किया। ओपीडी, इमरजेंसी, दवा वितरण कक्ष, प्रसूति कक्ष और लैब की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्सों को छोड़कर अधिकांश डॉक्टर, फार्मासिस्ट और एमओवाईसी अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मियों का तत्काल वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि अनुपस्थित एमओवाईसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र पर साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी जखनियां, खंड विकास अधिकारी मनिहारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post