युवक की मौत के 12वें दिन के कार्यक्रम में हंगामा, पुलिस पर हमला, तीन जवान घायल

युवक की मौत के 12वें दिन के कार्यक्रम में हंगामा, पुलिस पर हमला, तीन जवान घायल
प्रतापगढ़ जिले के अरनोद उपखंड के कोटड़ी थाना क्षेत्र के दिवाला गांव से बड़ी खबर सामने आई है। यहां युवक की मौत के 12 दिन के सामाजिक कार्यक्रम में अचानक तनाव बढ़ गया। मामला इतना बिगड़ा कि एक पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए गांव के एक मकान में आग लगा दी। आगजनी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पर गुस्साए लोगों ने हमला कर दिया।
गांव में शांति व्यवस्था कायम करने पहुंची पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने लाठियों, पत्थरों और यहां तक कि मिर्ची पाउडर तक का इस्तेमाल किया।Uploaded Image हमले में पुलिस की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया। अचानक हुए इस हमले से पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। हमले में हेड कॉन्स्टेबल बहादुर सिंह जाट और हरीश विश्नोई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। वहीं, कॉन्स्टेबल प्रकाश मीणा के हाथ में चोट आई, जबकि कालू सिंह मीणा और राजेंद्र सिंह मीणा भी मौके पर मौजूद रहे। गौरतलब है कि दिवाला गांव में युवक की मौत के बाद लगातार तनाव का माहौल बना हुआ था। मृतक के 12वें दिन रखे गए सामाजिक कार्यक्रम में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया।
पुलिस प्रशासन अब स्थिति को नियंत्रित करने और उपद्रवियों की पहचान करने में जुटा है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

Related Post