आगामी होली पर्व के मद्देनज़र रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा “ऑपरेशन सतर्क” के तहत सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल ₹8,050 मूल्य की देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त कर संबंधित तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
रेल परिसरों और ट्रेनों के माध्यम से अवैध शराब एवं प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रकरण 01
दिनांक 28 फरवरी 2026 को गाड़ी संख्या 12833 अहमदाबाद एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म क्रमांक 04 पर आगमन के दौरान स्पेशल टीम एवं मंडल टास्क टीम ने एक संदिग्ध यात्री की तलाशी ली। जांच में उसके पास से 10 बोतल अंग्रेजी शराब (कुल 4290 एमएल) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3,140 बताई गई। उक्त शराब महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ ले जाई जा रही थी। आरोपी को अग्रिम कार्रवाई हेतु शासकीय रेल पुलिस, गोंदिया को सुपुर्द किया गया, जहां अपराध पंजीबद्ध कर जांच जारी है।
प्रकरण 02
उसी दिन राजनांदगांव रेल सुरक्षा बल पोस्ट द्वारा गाड़ी संख्या 18029 डाउन कुर्ला–हावड़ा एक्सप्रेस में गोंदिया–राजनांदगांव सेक्शन के मध्य सघन चेकिंग के दौरान एक अन्य संदिग्ध को पकड़ा गया। उसके पास से 13 बोतल देशी एवं अंग्रेजी शराब (कुल 7880 एमएल) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4,910 थी। नियमानुसार कार्रवाई के बाद आरोपी को जब्त सामग्री सहित आबकारी विभाग को सौंप दिया गया, जहां आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
यह संपूर्ण कार्रवाई महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेसुब मुन्नवर खुर्शीद के निर्देशन एवं मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेसुब दीप चन्द्र आर्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
रेसुब नागपुर मंडल द्वारा रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार होली पर्व के दौरान ट्रेनों एवं रेल परिसरों में प्रतिबंधित मादक पदार्थ, शराब एवं तंबाकू उत्पादों के अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार सघन चेकिंग की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल की अपील है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के अवैध मादक पदार्थ या शराब की तस्करी संबंधी सूचना तत्काल रेसुब, शासकीय रेल पुलिस या निकटतम रेलवे अधिकारी को दें, ताकि समय रहते विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
