फुटबॉल ग्राउंड सीएसईबी में गणतंत्र दिवस फ़ाइनल रिहर्सल सम्पन्न

कोरबा जिले में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को फुटबॉल ग्राउंड, सीएसईबी कोरबा (पूर्व) में फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल का सफल आयोजन किया गया। रिहर्सल कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ, जहां मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी गतिविधियों का अभ्यास कराया गया।

फाइनल रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि की भूमिका में सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। प्रस्तावित मुख्य समारोह के अनुरूप ध्वजारोहण, आकर्षक परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभागीय प्रस्तुतियों का क्रमबद्ध एवं अनुशासित अभ्यास किया गया।

परेड में जिला पुलिस बल, नगर सेना, वन विभाग, सीआईएसएफ, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। परेड का नेतृत्व मुख्य परेड कमांडर आरआई अनथराम पैकरा एवं सहायक परेड कमांडर एसआई अजय सोनवानी ने किया। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी अभ्यास किया गया, जिसने माहौल को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

रिहर्सल के दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आयोजन स्थल पर अतिथियों एवं आम नागरिकों की बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम, पेयजल, जलपान और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त रखने, शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा विभागीय झांकियों के प्रवेश एवं निर्गमन मार्ग को स्पष्ट रूप से चिन्हांकित करने के निर्देश दिए।

वहीं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि मुख्य समारोह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। फाइनल रिहर्सल के सफल आयोजन के साथ ही कोरबा जिला गणतंत्र दिवस समारोह के लिए पूरी तरह तैयार नजर आया।

Related Post