कोंडागांव, 30 जनवरी 2026 | कोण्डागांव विकासखंड के ग्राम पंचायत बम्हनी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पुजारीपारा में कक्षा कक्ष के भीतर ईसाई धर्म से जुड़े प्रतीक पाए जाने के वीडियो के वायरल होने के बाद विवाद लगातार गहराता जा रहा है। शुक्रवार दोपहर इस मामले को लेकर शिवसेना के कार्यकर्ता आक्रोशित नजर आए।
शिवसेना बस्तर संभाग प्रभारी अध्यक्ष राज गावड़े एवं कोंडागांव जिला अध्यक्ष अभय गायकवाड के नेतृत्व में शिवसेना कार्यकर्ता खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसडीएम अजय उरांव को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शिवसेना नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूल में किसी एक धर्म से जुड़े प्रतीकों का प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था की धर्मनिरपेक्षता के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।
ज्ञापन के माध्यम से शिवसेना ने संबंधित शिक्षिका पर कार्रवाई करने, साथ ही सरकारी विद्यालयों में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान द्वारा जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। वहीं शिवसेना नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा।
फिलहाल यह प्रकरण जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
