बिलासपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और अनुशासित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। नेहरू चौक से लेकर इंदिरा सेतु तक का पूरा मार्ग अब एएनपीआर (ANPR) हाईटेक कैमरों से लैस कर दिया गया है, जिससे नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा नियम तोड़ने वाले चालकों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित रूप से अभियान भी चलाया जा रहा है। बावजूद इसके कुछ वाहन चालक लापरवाही बरतते हुए न केवल स्वयं को खतरे में डाल रहे हैं, बल्कि अन्य अनुशासित वाहन चालकों के लिए भी परेशानी का कारण बन रहे हैं।
इसी क्रम में दिनांक 28 जनवरी 2026 को वाहन क्रमांक CG 09 JH 4128 (माजदा) को महामाया चौक से नेहरू चौक की ओर आते समय होमगार्ड कैंप के पास रॉन्ग साइड चलते हुए पकड़ा गया। संकीर्ण और अत्यधिक आवागमन वाले इस मार्ग पर विपरीत दिशा में वाहन चलाकर चालक ने यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन किया, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी। मामले को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर प्रकरण माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां न्यायालय द्वारा चालक को सख्त हिदायत देते हुए 2500 रुपये के समन शुल्क से दंडित किया गया।
इसी तरह दिनांक 24 जनवरी 2026 को हाईकोर्ट मार्ग पर वाहन क्रमांक RJ 11 GB 5904 को नियमों की अनदेखी करते हुए चलाते पाए जाने पर चालक अंकित राजपूत के विरुद्ध भी प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। माननीय न्यायालय ने मामले को गंभीर मानते हुए 20,600 रुपये के समन शुल्क से दंडित किया।
यातायात पुलिस बिलासपुर ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह आम जनता की सुरक्षा से भी खिलवाड़ है। बार-बार समझाइश और चेतावनी के बावजूद यदि कोई चालक लापरवाही बरतता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, ताकि शहर में आवागमन सरल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बना रहे। नियमों का पालन ही सुरक्षित यात्रा की सबसे बड़ी गारंटी है।
