रात्रि चौपाल मोटीखेड़ी में आयोजित, जिला कलक्टर ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया की अध्यक्षता में ब्लॉक सुहागपुरा की ग्राम पंचायत मोटीखेड़ी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोटीखेड़ी में गुरुवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। रात्रि चौपाल में अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या, जिला परिषद के मुख्यकार्यकारी अधिकारी पर्वत सिंह चुण्डावत सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामजन उपस्थित रहे।
रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने आमजन की परिवेदनाएं ध्यानपूर्वक सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए तथा योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकारी नियमित रूप से योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें एवं लाभार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करें। रात्रि चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
--------------
