रायगढ़ /छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन प्रांतीय निकाय रायपुर के आह्वान पर पूरे प्रदेश के कर्मचारी-अधिकारी 29, 30 एवं 31 दिसंबर को निश्चित कालीन हड़ताल पर हैं। इसी क्रम में जिला शाखा रायगढ़ द्वारा हड़ताल के अंतिम दिवस 31 दिसंबर को रैली निकालकर शासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम से निकलेगी रैली
जिला संयोजक आशीष रंगारी के नेतृत्व में हड़ताल स्थल कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम से शाम 4 बजे 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से कर्मचारियों की लंबित मांगों को शासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।
महंगाई भत्ता से लेकर सेवानिवृत्ति आयु तक प्रमुख मांगें
फेडरेशन की प्रमुख मांगों में केंद्र सरकार के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता लागू करना, डीए एरियर्स को कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में समायोजित करना, चार स्तरीय समयमान वेतनमान लागू करना, विभिन्न संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने हेतु गठित पंगुआ समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक करना शामिल है।
शिक्षक, पंचायत सचिव और संविदा कर्मियों की मांगें भी शामिल
इसके अलावा प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर संपूर्ण सेवा लाभ देना, पंचायत सचिवों का शासकीयकरण, सहायक शिक्षकों एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों को तृतीय समयमान वेतनमान, नगरीय निकाय कर्मचारियों को नियमित वेतन व समयबद्ध पदोन्नति, अनुकंपा नियुक्ति नियमों में शिथिलीकरण, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, अर्जित अवकाश नगदीकरण 300 दिवस, दैनिक एवं संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की नीति तथा सभी विभागों में समानता लाते हुए सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने की मांग प्रमुख है।
दो दिनों से पंडाल में चल रहा विचार-विमर्श
मांगों को लेकर विगत दो दिनों से हड़ताल स्थल पर पंडाल में कर्मचारी नेता अपनी बात रख रहे हैं। अंतिम दिवस पर रैली के माध्यम से आंदोलन को और धार देने की तैयारी है।
रैली को ऐतिहासिक बनाने की अपील
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक आशीष रंगारी, संरक्षक शेख कलीमुल्लाह, अनिल यादव, मनोज पांडे, महामंत्री वेद प्रकाश अजगले, सचिव एलबीएस जटवार, कोषाध्यक्ष घनश्याम पटेल सहित फेडरेशन से संबद्ध सभी कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने रायगढ़ जिले के समस्त कर्मचारियों, अधिकारियों एवं पेंशनरों से 31 दिसंबर की रैली में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की अपील की है।
