कोण्डागांव, 31 मार्च 2026 | जिले में आयोजित संत समागम समारोह के दौरान हुई चैन स्नेचिंग की घटना का कोण्डागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर झपटमारी करने वाली महिला आरोपिया को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ईन्दरा निवासी गुहाबोरंड (पोस्ट रांधना, थाना फरसगांव) 28 से 30 मार्च तक विकास नगर स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय सदगुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल होने आई थी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला ने उसके गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से भागने का प्रयास किया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपिया की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम ज्योति धमधे (30 वर्ष) निवासी बिलासपुर (हाल पता जांजगीर-चांपा) बताया। पूछताछ में आरोपिया ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसके कब्जे से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय सहित पुलिस टीम एवं साइबर सेल के अधिकारियों का प्रमुख भूमिका रही।
