पहंदा। ग्राम पहंदा में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने और भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों के सदस्यों को प्राथमिकता के आधार पर नौकरी देने की मांग की गई।
इस जनसुनवाई में ग्राम सरगबुंदिया, धंधनी, खोद्दल, पहंदा और पटाड़ी के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पट्टा और बसावट से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित पट्टा वितरण और नियमितीकरण की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक रोजगार, भूमि और बसावट से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे। जनसुनवाई में अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेकर प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करेगा।
