होटल में स्पा की आड़ में देह व्यापार, संचालक–मैनेजर गिरफ्तार

जिले में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रायगढ़ शहर के एक नामी होटल में संचालित स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में स्पा सेंटर के संचालक और होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में अवैध देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

 योजनाबद्ध तरीके से की गई रेड

पुलिस ने पूरी सावधानी और गोपनीयता के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। पहले एक पुलिस पाइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा गया, जिसने तय रकम देकर अंदर की गतिविधियों की पुष्टि की। पाइंटर से संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल होटल में दबिश दी।

कमरों से महिलाएं, आपत्तिजनक सामग्री बरामद

छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं मिलीं। महिलाओं की गरिमा और मर्यादा को ध्यान में रखते हुए तलाशी की कार्रवाई महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की गई। तलाशी के दौरान कमरों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई, जिससे देह व्यापार की पुष्टि हुई।

 पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पूछताछ के दौरान स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि अधिक मुनाफा कमाने और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए स्पा की आड़ में लड़कियां उपलब्ध कराई जाती थीं। मामले में होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह की भूमिका भी सामने आने पर उसे हिरासत में लेकर थाना लाया गया।

 जप्त सामग्री

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

▪️ 1 मोबाइल फोन

▪️ ₹6,000 नगद (पुलिस पाइंटर द्वारा दी गई राशि)

▪️ स्पा सेंटर से संबंधित दस्तावेज

▪️ ग्राहकों का रजिस्टर

▪️ वर्ष 2024 से संबंधित किरायानामा

जप्त किया है।

 कानूनी कार्रवाई

आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत धारा 3, 4, 5 एवं 7 अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

 पुलिस का संदेश

बाइट – सुशांतो बनर्जी, डीएसपी रायगढ़

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अनैतिक देह व्यापार जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आगे भी सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है और आम नागरिकों में कानून के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।

Related Post