पाली महोत्सव की तैयारी तेज, कलेक्टर ने लिया आयोजन स्थल का जायजा

पाली में 15 एवं 16 फरवरी को प्रस्तावित दो दिवसीय पाली महोत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज केराझरिया स्थित आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नोडल अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने मंच निर्माण, दर्शक दीर्घा, बैरिकेडिंग और बैठक व्यवस्था का जायजा लेते हुए कहा कि आयोजन की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने वीआईपी बैठक व्यवस्था, विभागीय स्टॉल, प्रवेश व्यवस्था और पार्किंग को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए मंच पर प्रकाश, ध्वनि और कलाकारों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही पेयजल, शौचालय, कलाकारों के ठहरने की व्यवस्था और प्रवेश पास वितरण की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई।

संभावित वीआईपी आगमन को देखते हुए कलेक्टर ने हेलीपैड की तैयारियों की जानकारी ली और आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहन की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता बताते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, एसडीएम रोहित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि पाली महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, इसे सफल बनाने में कोई कसर न छोड़ी जाए।

Related Post