दो दिवसीय पाली महोत्सव 2026 (15 एवं 16 फरवरी) के सफल और भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महोत्सव को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने पाली के केराझरिया स्थित आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंच निर्माण, दर्शक दीर्घा, वीआईपी बैठक, विभागीय स्टॉल, पार्किंग और बेरिकेडिंग की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए मंच पर आवश्यक तकनीकी और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त लाइटिंग, पेयजल, शौचालय और कलाकारों के ठहरने की समुचित व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और अन्य संबंधित विभागों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
15 फरवरी की सुबह आयोजित साइकिल रेस प्रतियोगिता और संध्या समय शिव मंदिर घाट पर प्रस्तावित भव्य शिव आरती एवं दीपोत्सव की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव, एसडीएम पाली रोहित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने भरोसा जताया है कि समन्वित प्रयासों से पाली महोत्सव 2026 को यादगार और सफल आयोजन बनाया जाएगा।
