जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस ने प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिले भर में विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान रात्रि के समय सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह घूमने, अड्डेबाजी करने और झुंड बनाकर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऐसे 20 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धारा 128 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य रात्रिकालीन शांति व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण स्थापित करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। लगातार मिल रही शिकायतों और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के आधार पर यह अभियान संचालित किया गया।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी रात्रि गश्त, निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई लगातार एवं सघन रूप से जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
