थाना सरकण्डा क्षेत्र में संचालित अवैध हुक्का बार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला अप.क्र. 259/2026 के तहत धारा 4, 21(1), 21(2), 27 सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा एक्ट) के अंतर्गत दर्ज किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आर्यन पब्लिक स्कूल के पास एक मकान में चोरी-छिपे हुक्का बार संचालित किया जा रहा है, जहां सिगरेट और तंबाकू युक्त फ्लेवर मिलाकर प्रतिघंटा 500 रुपये की दर से ग्राहकों को हुक्का उपलब्ध कराया जा रहा था। सूचना मिलते ही सरकण्डा पुलिस ने मौके पर दबिश देकर संचालक सहित अन्य युवकों को हुक्का पीते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो नग हुक्का पॉट, एक कोल हीटर, फ्लेवर की डिब्बियां एवं अन्य हुक्का सामग्री जब्त की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल तथा सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
