गाजीपुर। जनपद के करण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटरिया में हुई युवती की मौत के मामले में सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना करण्डा पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर अफवाह फैलाने के आरोप में Indian National Congress (Congress@INDIndia) और Samajwadi Party Media Cell (@mediacellsp) के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को जमानिया क्षेत्र के धरम्मरपुर पुल के पास एक युवती का चप्पल, मोबाइल और गमछा मिला था, जिसके बाद नदी में उसका शव बरामद हुआ। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का विधिवत पोस्टमार्टम कराया। बाद में 19 अप्रैल को मृतका के पिता सियाराम की तहरीर पर थाना करण्डा में हत्या का मुकदमा (मु0अ0सं0 52/2026, धारा 103(1) BNS) दर्ज किया गया।
मामले में मुख्य आरोपी हरिओम पाण्डेय को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बड़सरा बाईपास (आरीपुर पहाड़पुर) से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इसी बीच, पुलिस का कहना है कि कांग्रेस और सपा मीडिया सेल द्वारा अपने-अपने X अकाउंट से इस घटना को लेकर गलत और भ्रामक टिप्पणियां की जा रही थीं, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। इसे गंभीरता से लेते हुए थाना करण्डा में कांग्रेस के खिलाफ मु0अ0सं0 60/2026 तथा सपा मीडिया सेल के खिलाफ मु0अ0सं0 61/2026, धारा 353(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
