बिलासपुर में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का शिकंजा, तीन आरोपी गिरफ्तार

शहर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर छापेमारी कर उसे बंद कराया है। इस दौरान मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि हुक्का बार संचालक को भी प्रकरण में आरोपी बनाया गया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाइन द्वारा की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र अंतर्गत एक स्थान पर अवैध रूप से हुक्का बार का संचालन किया जा रहा है, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने हुक्का बार में अवैध गतिविधियां संचालित होते हुए पाए जाने पर तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में हुक्का बार मैनेजर विकम ठाकुर (20 वर्ष), रितेश विश्वकर्मा (25 वर्ष) एवं अरबाज खान (23 वर्ष) शामिल हैं। वहीं, हुक्का बार संचालक विनोद ठाकुर को मामले में आरोपी बनाया गया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में हुक्का बार संचालन से संबंधित सामग्री जप्त की, जिसमें 6 नग हुक्का पार्ट, 8 नग कोयला कोको जेल, 4 नग स्टेन, 7 नग चिलम, 8 नग पाइप, 1 नग कोल हिटर, 1 नग हिसाब पंजी, ₹3000 नगद राशि तथा 3 मोबाइल फोन शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध हुक्का बार, नशे और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई से न केवल अवैध हुक्का बार संचालन पर प्रभावी रोक लगी है, बल्कि ऐसे तत्वों को भी कड़ा संदेश दिया गया है जो कानून का उल्लंघन कर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Post