डीजे वाहनों पर पुलिस का शिकंजा, एक दर्जन पर कार्रवाई

शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर बिलासपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए डीजे वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन करते पाए गए एक दर्जन से अधिक डीजे वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए गए हैं कि नियम विरुद्ध संचालित डीजे वाहनों को जब्त कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उल्लेखनीय है कि माननीय उच्च न्यायालय, बिलासपुर द्वारा भी डीजे और अत्यधिक कोलाहल को लेकर गंभीर नाराजगी व्यक्त की जा चुकी है, जिसके बाद पुलिस ने अभियान को और तेज कर दिया है।

पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान शहर के प्रमुख इलाकों में जांच की गई।

थाना सरकंडा क्षेत्र में मार्क हॉस्पिटल के पास तेज आवाज में डीजे बजाते पाए जाने पर संबंधित वाहन को थाना लाकर कार्रवाई की गई।

वहीं थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के अंतर्गत तिफरा काली मंदिर के पास खड़े डीजे वाहन क्रमांक CG11AB1940 एवं CG10BH4895 नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई।

थाना सिविल लाइन क्षेत्र में राजीव गांधी चौक और रिंग रोड नंबर-2 के पास खड़ी दो डीजे गाड़ियों में साउंड सिस्टम वाहन की निर्धारित सीमा से बाहर निकला हुआ और ऊंचाई मानक से अधिक पाया गया। इन दोनों वाहनों पर भी मोटर व्हीकल एक्ट एवं कोलाहल नियंत्रण नियमों के तहत कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त थाना बिल्हा, मस्तूरी एवं हिर्री क्षेत्रों में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे वाहनों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने, यातायात में बाधा उत्पन्न करने और वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

बिलासपुर पुलिस ने यह भी बताया कि डीजे वाहनों में किए जा रहे अवैध मॉडिफिकेशन को लेकर आरटीओ को पत्र भेजा गया है, ताकि परिवहन नियमों के तहत भी सख्त कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें, निर्धारित मानकों के अनुरूप ही साउंड सिस्टम का उपयोग करें और शहर में शांति एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Related Post