बिलासपुर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा अभियान” के तहत सीपत पुलिस ने ग्राम खांडा में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 110 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब सहित शराब बनाने के उपकरण जब्त कर एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई
दिनांक 03 जनवरी 2026 को थाना सीपत पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम खांडा में भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब तैयार की जा रही है और उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सीपत से एक विशेष टीम गठित कर तत्काल रेड कार्रवाई की गई।
रंगे हाथ पकड़ी गई महिला आरोपी
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि आरोपी अंजनी सिदार पति राजेश सिदार, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम खांडा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर, अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का निर्माण कर रही थी। पुलिस ने आरोपी को मौके से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
शराब और उपकरण जब्त
रेड के दौरान आरोपी के कब्जे से लगभग 110 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22,000 रुपये है, जब्त की गई। इसके साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरणों में दो डेचकी (छोटी एवं बड़ी), एलुमिनियम का कोपरा जिसमें पाइप लगा हुआ था, सहित अन्य बर्तन भी पुलिस ने जब्त किए।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
सीपत पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(च) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ सीपत पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे नशे से जुड़े किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।
