कोंडागांव, 22 फरवरी 2026 | कोंडागांव पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता एवं यातायात सुरक्षा को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को ग्राम मर्दापाल, थाना मर्दापाल क्षेत्र में आयोजित मेला मड़ई के अवसर पर केदार कश्यप (छत्तीसगढ़ शासन परिवहन एवं वन मंत्री) द्वारा पुलिस सहायता केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने कोंडागांव पुलिस के सोशल मीडिया पेज के क्यूआर कोड का भी शुभारंभ किया तथा उसे स्कैन कर आमजन को डिजिटल माध्यम से पुलिस से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सायबर वॉलिंटियर (साइबर मितान) बनने की जानकारी दी गई। इसके अलावा यातायात जागरूकता कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए हेलमेट वितरण किया गया, जिसमें मेला में आए ग्रामीणों ने हेलमेट पहनकर सेल्फी भी ली।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में तथा उप पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) सतीश भार्गव एवं उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र पुजारी के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।

नुक्कड़ नाटक रहा मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नुक्कड़ नाटक (स्ट्रीट प्ले) रहा, जिसमें साइबर अपराधों से जुड़े खतरों तथा यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों को सरल, रोचक एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से ग्रामीणों को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
साइबर जागरूकता के मुख्य संदेश
ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, उधार ऐप ठगी, फेक कॉल/मैसेज से सावधान रहें।
OTP, पासवर्ड, बैंक विवरण जैसी निजी जानकारी किसी से साझा न करें।
संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचें।
साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करें।
यातायात सुरक्षा के मुख्य संदेश
हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें।
तेज गति व शराब पीकर वाहन चलाने से बचें।
मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाएं।
ट्रैफिक सिग्नल एवं साइन बोर्ड का पालन करें।

कार्यक्रम में मेला में उपस्थित स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर आम जनता से साइबर अपराधों व यातायात नियमों के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस के इन प्रयासों में जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है, ताकि ठगी एवं दुर्घटनाओं से होने वाली जन-धन की हानि को रोका जा सके।
इस अवसर पर थाना प्रभारी मर्दापाल निरीक्षक राजकुमार सोरी, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय एवं साइबर टीम, यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक मुकेश जोशी, मर्दापाल थाना स्टाफ, ग्राम पंचायत मर्दापाल एवं आसपास के ग्रामों से आए बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कोंडागांव पुलिस की अपील:
सभी नागरिक सतर्क व सुरक्षित रहें। किसी भी साइबर अपराध की सूचना तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में दें तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
