मरवाही/ प्रयास कैवर्त
होली पर्व के पूर्व ग्राम पंचायत सिवनी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में युवा साथियों और ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस चौकी सिवनी प्रभारी नवीन मिश्रा ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अपील की कि त्योहार को शांति और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की जबरदस्ती रंग लगाने, हुड़दंग करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहें।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आग्रह किया कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज रफ्तार से बचें और यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। पर्व के दौरान क्षेत्र में विशेष निगरानी एवं पेट्रोलिंग की व्यवस्था रहेगी। अंत में सभी ने एकमत से निर्णय लिया कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाएगा।
