पलारी सड़क हादसे में 14 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, पोस्टमार्टम में घंटों की देरी से परिजनों में आक्रोश

कोंडागांव, 02 जुलाई 2028: सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पलारी में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जीतू मंडल पिता जयंतो मंडल, निवासी आड़काछेपड़ा के रूप में हुई है। हादसा मंगलवार शाम लगभग 7 बजे तालाब के पास उस वक्त हुआ, जब जीतू अपनी साइकिल से पलारी से लौट रहा था।

 

सूत्रों के अनुसार, तालाब के पास किसी अज्ञात पिकअप वाहन ने जीतू को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह साइकिल सहित अनियंत्रित होकर सामने खड़े एक ट्रक से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल जीतू को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रायपुर रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, रायपुर ले जाते समय चारामा के पास रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

 

बुधवार दोपहर करीब 2 बजे सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लेकिन पोस्टमार्टम प्रक्रिया में करीब 6 घंटे की देरी होने से परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी देखी गई। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में नियमित स्वीपर की नियुक्ति नहीं होने के चलते पोस्टमार्टम में अनावश्यक विलंब हो रहा है, जिससे पीड़ित परिवारों को और अधिक मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ रही है।

 

इस घटना ने न सिर्फ प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियों को भी उजागर कर दिया है। परिजनों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच और व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

Related Post