घुपसाल (कु) में भक्त माता कर्मा जयंती पर विशाल रक्तदान व निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

 

छुरिया। परिक्षेत्र स्तरीय भक्त माता कर्मा जयंती के पावन अवसर पर 29 मार्च 2026, दिन रविवार को ग्राम घुपसाल (कु), जिला राजनांदगांव में विशाल रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में क्षेत्रवासियों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम के तहत सामान्यतः 500 से 700 रुपये तक खर्च होने वाले विभिन्न प्रकार के इलाज और जांच इस विशेष अवसर पर पूरी तरह मुफ्त किए जाएंगे। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा विभिन्न रोगों की जांच एवं परामर्श दिया जाएगा।

शिविर में मुख्य रूप से न्यूरो सर्जन विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं एम.डी. मेडिसिन विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे, जो मरीजों का परीक्षण कर उचित सलाह प्रदान करेंगे।

आयोजकों ने क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं और रक्तदान जैसे पुण्य कार्य में भाग लेकर समाज सेवा में योगदान दें।

इस संबंध में जानकारी देते हुए परिक्षेत्र साहू समाज कुमरदा के अध्यक्ष फकीर साहू ने बताया कि यह आयोजन समाज के सहयोग से किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Post