बोर्ड परीक्षा 2026 हेतु केंद्र अधीक्षक एवं पेपर को-ऑर्डिनेटर का एकदिवसीय आमुखीकरण शिविर आयोजित
दिनांक 12 फरवरी 2026 से प्रारंभ होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के सफल, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित आयोजन के उद्देश्य से नियुक्त केंद्र अधीक्षक एवं पेपर को-ऑर्डिनेटर का एकदिवसीय आमुखीकरण शिविर जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक, कमलेश तेतरवाल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
शिविर में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अनिल पोरवाल, सहायक निदेशक शत्रुघ्न शर्मा, दक्ष प्रशिक्षक रवीन्द्र पुरोहित एवं रूप नारायण बारवाल उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान बोर्ड परीक्षाओं को अत्यंत चुनौतीपूर्ण दायित्व बताते हुए शिक्षा विभाग की प्रतिष्ठा एवं गरिमा को सर्वोपरि रखते हुए परीक्षा आयोजन कराने के निर्देश प्रदान किए गए। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) ने स्पष्ट किया कि परीक्षा आयोजन में छोटी-सी चूक भी पूरे शिक्षक समाज की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा सकती है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि सभी नियुक्त अधिकारी एवं कार्मिकों का आचरण विद्यालय परिवार एवं समाज के अनुरूप रहेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रतापगढ़ जिले में कोई भी संवेदनशील अथवा अति-संवेदनशील परीक्षा केंद्र नहीं है, न ही किसी परीक्षा केंद्र को नोडल अथवा एकल परीक्षा केंद्र घोषित किया गया है। बोर्ड परीक्षा हेतु जिला परीक्षा संचालन समिति की बैठक माननीय जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में पूर्व में आयोजित की जा चुकी है।
बैठक में निर्देश दिए गए कि
जिला स्तरीय कंट्रोल रूम दिनांक 9 फरवरी 2026 से परीक्षा समाप्ति तक कार्य करेगा,
जबकि राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम दिनांक 5 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक संचालित रहेगा।
प्रशिक्षण में प्रश्न पत्रों की प्राप्ति, वितरण, परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी, बैठक व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी परीक्षा केंद्रों के प्रश्न पत्र संबंधित पुलिस थाना अथवा चौकी में सुरक्षित रखे जाएंगे तथा प्रश्न पत्रों का परिवहन बंद वाहन से किया जाएगा।
प्रश्न पत्र लिफाफों की रंग व्यवस्था इस प्रकार रहेगी—
उच्च माध्यमिक (प्रवेशिका) : गुलाबी/लाल
वरिष्ठ उपाध्याय : हरा
उच्च माध्यमिक : नीला
माध्यमिक : पीली पट्टी युक्त
प्रत्येक परीक्षा दिवस पर केंद्र अधीक्षक, अतिरिक्त केंद्र अधीक्षक एवं पेपर को-ऑर्डिनेटर संबंधित थाने में उपस्थित होकर परीक्षा दिवस के प्रश्न पत्र प्राप्त कर सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्र पर ले जाकर नियमानुसार खोलने की प्रक्रिया संपादित करेंगे।
जिले में सभी परीक्षा केंद्र राजकीय विद्यालयों में गठित किए गए हैं। यदि किसी परीक्षा केंद्र पर शिक्षकों की कमी पाई जाती है तो सर्वप्रथम संबंधित पीईईओ क्षेत्र से तथा तत्पश्चात निकटतम विद्यालय से शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
गत परीक्षाओं में संदिग्ध, लापरवाह, ब्लैकलिस्टेड, पोक्सो/अश्लीलता प्रकरणों में संलिप्त, दंडित कर्मियों अथवा जिनके विरुद्ध विभागीय जांच प्रस्तावित है, उन्हें परीक्षा कार्य से मुक्त रखने के निर्देश दिए गए।
परीक्षा समाप्ति उपरांत प्रश्न पत्र विद्यार्थी अपने साथ ले जाएंगे, जबकि उत्तर पुस्तिकाएं नियमानुसार पैक कर प्रश्न पत्र संग्रहण केंद्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, प्रतापगढ़ में जमा करवाई जाएंगी।
इस वर्ष पुनः बारकोड युक्त उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त हुई हैं, जिनका उपयोग कक्षा 10 हेतु किया जाएगा। पूर्व में उपलब्ध स्टॉक का उपयोग पहले किया जाएगा, उसके पश्चात नवीन उत्तर पुस्तिकाएं प्रयुक्त होंगी।
नवीन व्यवस्था के अंतर्गत कक्षा 10 के लिए 8 पृष्ठ की अतिरिक्त उत्तर पुस्तिका उपलब्ध करवाई जाएगी, जो आवश्यकता अनुसार अभ्यर्थी को दी जाएगी।
परीक्षाओं के औचक निरीक्षण हेतु निदेशक माध्यमिक शिक्षा बीकानेर, निदेशक उदयपुर एवं जिला शिक्षा अधिकारी स्तर से उड़नदस्तों का गठन किया जाएगा। साथ ही केंद्रीकृत मूल्यांकन व्यवस्था के अंतर्गत उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बोर्ड के निर्देशानुसार प्रतापगढ़ में किया जाएगा।
जिला परीक्षा संचालन समिति के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 लागू की जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल व्यवस्था निर्बाध बनाए रखने के निर्देश माननीय जिला कलेक्टर द्वारा प्रदान किए गए।
अंत में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी प्रतिभागियों को सुचारू, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित परीक्षा संचालन के निर्देश प्रदान करते हुए प्रशिक्षण शिविर का समापन किया गया।
