दिवाली के दिन बुझे दो घरों के चिराग,पानी में डूबने से दो दोस्तों की हुई मौत,परिवार में छाया मातम

 

साल के सबसे बड़े त्यौहार पर जहां लोगों के घरों में दिवाली की खुशियां मनाने की तैयारी चल रही थी तो वही दो परिवार सुबह से गायब अपने बेटों की तलाश में जुट हुए थे लेकिन दिवाली की अगली सुबह उनके लिए ऐसे जख्म लेकर आई जिसके घाव शायद ही कभी भर सकें।

 


आपको बता दें कि मामला थाना क्षेत्र सकरार अंतर्गत आने वाले ग्राम मगरपुर का है जहां ये ह्रदयविदारक घटना घटित हुई है जिसमें दो पक्के दोस्तों की गांव के पास मिट्टी निकलने से बने एक तालाब में डूबने से मौत हो गई।


पुलिस क्षेत्राधिकारी टहरौली अरुण कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम मगरपुर निवासी श्यामलाल पुत्र सुम्मी ने 21 तारीख मंगलवार को थाना प्रभारी पप्पू सिंह को बताया कि सोमवार 20 तारीख दिवाली के दिन सुबह 9 बजे से उसका बेटा लापता है जिसका अभी तक कोई पता नहीं है । मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ लापता युवक की तलाश में जुट गई ।

तलाश करते हुए जब पुलिस मगरपुर रेलवे लाइन के पास खुद तालाब पास पहुंची तो वहां दो जोड़ी चप्पल मिली जिसके बाद पुलिस ने गायब युवक के तालाब में डूबने की आशंका के चलते स्थानीय गोताखोरों को तालाब में उतारा तो वहां से दो शव बरामद हुए जिनकी पहचान परिजनों ने मृतक राहुल पुत्र श्यामलाल उम्र 25वर्ष निवासी ग्राम मगरपुर एवं दूसरे मृतक की पहचान दीप उर्फ दीपचंद्र पुत्र रामेश्वर उम्र 24वर्ष निवासी ग्राम संतपुरा के रूप में की। परिजनों ने बताया कि दोनों युवक आपस में गहरे दोस्त थे । पुलिस ने बताया कि दोनों नहाने के लिए तालाब में गए थे

लेकिन गहराई अधिक होने से दोनों की पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस द्वारा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जिसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

 

 

Related Post