लखनलाल देवांगन, उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन ने कोरबा जिले के दूरस्थ अंचलों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 21.35 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। ग्राम कनबेरी में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेमचंद पटेल, विधायक कटघोरा ने की।
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से न केवल सड़क संपर्क बेहतर हुआ है, बल्कि दूरस्थ जनजातीय समुदायों के सामाजिक और आर्थिक जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ के अंतर्गत ग्राम में सीसी सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जनमन योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत कुल 21.35 करोड़ रुपये की लागत से आठ वृहद पुलों एवं सड़कों की आधारशिला रखी गई। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत 20.92 करोड़ रुपये से रामपुर विधानसभा क्षेत्र के कोरबा विकासखंड में लेमरू-देवपहरी मार्ग, डोकरमना मेन रोड, बगबुड़ा रोड, बताती-बांसाखार मार्ग और पतरापाली-धानकछार मार्ग पर गौमुखी, चिंगराडांड, गड़गड़ा, कोटगसरा एवं पेंसारी नाला पर पुलों का निर्माण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड में कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग से बहरीझरिया मार्ग के कोठीझुंझा नाला पर 278.72 लाख रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण स्वीकृत किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत कटघोरा विकासखंड में 500 मीटर लंबी सीसी सड़क एवं नाली निर्माण हेतु 42.95 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित हो रही हैं। विधायक प्रेमचंद पटेल ने भी कहा कि सरकार समग्र विकास की नीति पर कार्य कर रही है, जिससे कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित नहीं रहेगा।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत सदस्य विनोद यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और अधिक सुगम होगा तथा वर्षा ऋतु में संपर्क बाधित होने की समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा।
