अमृत सरोवर संवाद से ग्रामीणों को रोजगार गारंटी की नई जानकारी, 125 दिन काम का भरोसा

 

मरवाही/ प्रयास कैवर्त

शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन गौरेला–पेंड्रा–मरवाही के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत मरवाही अंतर्गत निर्मित 54 अमृत सरोवरों में “अमृत सरोवर संवाद” कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 31 जनवरी 2026 को ग्राम पंचायत सेमरदरी स्थित अमृत सरोवर में ग्रामीणों के साथ संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को नवीन रोजगार गारंटी प्रावधानों एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देना रहा।

सरोवर संवाद के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को VB-G RAM G Act 2025 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि इस नए अधिनियम का उद्देश्य रोजगार गारंटी मजदूरी को बढ़ाकर 125 दिनों तक करना है, जिससे ग्रामीण रोजगार को मजबूती मिले और गांवों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो। साथ ही सशक्त ग्राम पंचायत योजना के माध्यम से टिकाऊ एवं उत्पादक परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में उपस्थित जनपद पंचायत मरवाही के सीईओ विनय सागर एवं कार्यक्रम अधिकारी समीर धुव्र ने कर्मचारियों और ग्रामीणों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों को सक्रिय रूप से कार्यों से जोड़ने, कामगार महिलाओं, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति परिवारों को प्राथमिकता देते हुए रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही अमृत सरोवर को आजीविका के केंद्र के रूप में विकसित कर महिला समूहों की आय बढ़ाने के लिए विशेष पहल करने के निर्देश दिए।

सरोवर संवाद के दौरान ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योजना के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। ग्रामीणों ने इसे रोजगार सृजन और गांव के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाई जाती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

Related Post