नेताम हॉस्पिटल की लापरवाही फिर उजागर, खुले में मेडिकल वेस्ट फेंकने से दंतेश्वरी विहार कॉलोनीवासियों की सेहत खतरे में

कोण्डागांव, 25 जनवरी 2026 | कोण्डागांव जिला मुख्यालय स्थित नेताम हॉस्पिटल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। दंतेश्वरी विहार कॉलोनी से सटे क्षेत्र में अस्पताल द्वारा खुले में मेडिकल वेस्ट फेंके जाने का मामला उजागर हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

Uploaded Image

स्थानीय कॉलोनीवासियों के अनुसार, शिकायत किए जाने के बावजूद नेताम हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा अस्पताल परिसर के पास ही मेडिकल कचरा खुले में फेंका जा रहा है। रविवार दोपहर करीब 1 बजे कॉलोनीवासियों ने मीडिया को वीडियो साझा कर इस लापरवाही की जानकारी दी। उनका कहना है कि खुले में पड़े मेडिकल वेस्ट से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है, जिसका सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।

Uploaded Image

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब अस्पताल प्रबंधन की ऐसी गैर-जिम्मेदाराना हरकत सामने आई हो। इससे पहले भी कथित तौर पर नेताम हॉस्पिटल द्वारा नारंगी नदी के पास, मारुति शोरूम से लगे खेत में भारी मात्रा में मेडिकल वेस्ट फेंककर उसे जला दिया गया था, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था।

 

बार-बार ऐसी घटनाओं के सामने आने से कॉलोनीवासियों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि मेडिकल वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निपटान न किया जाना न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आमजन के जीवन से सीधा खिलवाड़ भी है।

 

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर नेताम हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।

Related Post