नेशनल हेराल्ड केस: कोण्डागांव में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, बीजेपी कार्यालय घेरने निकले कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्कामुक्की

कोण्डागांव, 18 दिसंबर 2025 | नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर बुधवार को कोण्डागांव में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से विकासनगर स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय अटल सदन का घेराव करने रैली के रूप में निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें विकासनगर स्टेडियम चौक के पास रोक दिया।

Uploaded Image

पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प व धक्कामुक्की हुई। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क रहा और सुरक्षा के मद्देनज़र ट्रिपल लेयर बैरिकेडिंग के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

Uploaded Image

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को दिल्ली कोर्ट से क्लीन चिट दिया गया है। इसे कांग्रेस ने सत्य, संविधान और लोकतंत्र की जीत बताया। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा लगातार किए जा रहे राजनीतिक षड्यंत्र का पर्दाफाश हो गया है। उनका कहना था कि “सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं।” कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के जरिए विपक्ष को दबाने का भी आरोप लगाया।

Uploaded Image

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने “सत्यमेव जयते” के नारे लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि घोष सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

Uploaded Image

पुलिस की सख्ती के चलते कांग्रेस कार्यकर्ता बीजेपी कार्यालय तक नहीं पहुंच सके और स्टेडियम चौक पर ही प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए था।

Related Post