कोंडागांव, 13 अप्रैल 2026 | कोण्डागांव पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टेंट कारोबारी सुरेश चौहान की हत्या के मामले में पुलिस ने चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल को विकासनगर निवासी महेश चौहान ने थाना कोण्डागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई सुरेश चौहान 11 अप्रैल की रात से लापता है और उसकी स्कूटी विकासनगर में लावारिस हालत में मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) और पंकज चंद्रा (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदेही सुरेश कुमार देवांगन से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की वारदात को स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने सुरेश चौहान को मरार पारा स्थित अपने घर बुलाया और सोने की अंगूठी व नकदी के लालच में लोहे के खलबट्टा के मुसल से सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को स्कूटी में रखकर पास के एक स्थान पर नई मिट्टी के ढेर में दफना दिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव का उत्खनन किया, जिसकी पहचान मृतक के भाई महेश चौहान ने सुरेश चौहान के रूप में की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सोने की अंगूठियां, 1000 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किया है। आरोपी सुरेश देवांगन (38 वर्ष), निवासी मरार पारा कोण्डागांव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के अधिकारियों का विशेष योगदान रहा।
