कोकोड़ी मक्का प्रोसेसिंग प्लांट के 40 से अधिक कर्मचारियों को एक माह से नहीं मिला वेतन, प्रबंधन पर वेतन रोकने का आरोप

कोंडागांव, 17 फरवरी 2026 | कोकोड़ी स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) प्लांट में कार्यरत 40 से अधिक कर्मचारियों को पिछले एक माह से वेतन नहीं मिलने के कारण भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि मजदूर फैक्ट्री में काम न छोड़ दें, इसी उद्देश्य से जानबूझकर एक माह का पूरा वेतन रोका जा रहा है।

Uploaded Image

कर्मचारियों का कहना है कि प्लांट में कार्यरत कई मजदूर अन्य जिलों से आकर यहां काम कर रहे हैं, जिनके लिए वेतन ही जीवनयापन का एकमात्र साधन है। वेतन नहीं मिलने से उनके सामने किराया, भोजन, परिवार की जरूरतें और अन्य दैनिक खर्चों की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

Uploaded Image

गौरतलब है कि बीते दिनों कोकोड़ी गांव में मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण केंद्र से निकलने वाली बदबू और अपशिष्ट से परेशान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान फैक्ट्री में तोड़फोड़ की घटना भी हुई, जिससे काफी नुकसान पहुंचा। इसके बाद प्रशासन ने फैक्ट्री के संचालन को बंद कर सील कर दिया। वर्तमान में फैक्ट्री के दोबारा संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, जिससे वहां कार्यरत कर्मचारी खुद को बेरोजगार की स्थिति में महसूस कर रहे हैं।

 

इस पूरे मामले को लेकर सभी कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि उनका एक माह का लंबित वेतन तत्काल जारी कराया जाए तथा उनके भविष्य को लेकर उचित निर्णय लिया जाए।

 

कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि फैक्ट्री का संचालन लंबे समय तक बंद रहना है तो वैकल्पिक व्यवस्था या राहत की कोई ठोस पहल की जाए, ताकि मजदूरों और उनके परिवारों को भूख व बेरोजगारी की मार न झेलनी पड़े।

Related Post