बम्हनी धान खरीदी केंद्र से संबंधित 120 से अधिक किसान धान बेचने से वंचित, कर्ज माफी की उठी मांग

कोंडागांव, 03 फरवरी 2026 | जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में धान खरीदी को लेकर किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। किसानों ने आरोप लगाया है कि धान खरीदी सत्र के दौरान बड़ी संख्या में किसानों का टोकन नहीं कट पा रहा है, जिससे वे अपनी उपज मंडी में बेचने से वंचित हो रहे हैं।

 

जानकारी के अनुसार बम्हनी धान खरीदी केंद्र अंतर्गत बम्हनी, संबलपुर, इसलनार, कारसिंग, चारगांव, चमई, हंगुआ, तोतर और धनसुली गांव के ग्रामीण किसान प्रभावित हैं। बताया जा रहा है कि केवल बम्हनी केंद्र में ही 120 से अधिक किसान अब तक धान बेचने से वंचित हैं। कई किसानों को टोकन ही नहीं मिल पाया, जिसके कारण वे धान बेचने नहीं पहुंच पाए।

 

इस संबंध में आज मंगलवार को क्षेत्र के पीड़ित किसान कलेक्टर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपकर कलेक्टर को किसानों की समस्या से अवगत करा रहे है। ज्ञापन में बताया गया है कि कई किसानों ने समय पर पंजीयन कर सभी आवश्यक दस्तावेज जमा किए हैं, इसके बावजूद उन्हें टोकन जारी नहीं किया जा रहा है। किसानों को केंद्रों में यह कहकर वापस लौटा दिया जा रहा है कि “सर्वर की समस्या है”, “नाम सूची में नहीं है” या “ऊपर से आदेश नहीं आया है”।

 

किसानों का कहना है कि खेतों में मेहनत से तैयार किया गया धान घरों में पड़ा खराब होने की स्थिति में पहुंच रहा है, जबकि वे कर्ज और घरेलू खर्च के दबाव से जूझ रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि या तो उनका धान तत्काल खरीदा जाए अथवा कर्ज माफी की जाए, जिससे उन्हें राहत मिल सके।

 

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि जिन किसानों का टोकन नहीं कटा है, उनका तत्काल टोकन जारी किया जाए तथा धान खरीदी केंद्रों में हो रही मनमानी और लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही किसी भी किसान को धान बेचने से वंचित न किया जाए और सभी किसानों की उपज की खरीदी सुनिश्चित की जाए।

Related Post