रायगढ़ /शहर में बालिका से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। घर में अकेली बालिका को देखकर एक युवक छत के रास्ते घर के भीतर घुस गया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। मामले की शिकायत मिलने पर महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्रवचन सुनने गए थे माता-पिता
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित बालिका के पिता ने महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 06 फरवरी की शाम वह अपनी पत्नी के साथ नटवर स्कूल में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम सुनने गए हुए थे। इस दौरान घर में उनके बच्चे मौजूद थे।
रात में घर लौटने पर हुआ खुलासा
रात्रि लगभग 10 बजे जब पति-पत्नी घर लौटे तो उनकी पुत्री ने उन्हें आपबीती सुनाई। बालिका ने बताया कि माता-पिता की अनुपस्थिति में दिलसाय चौहान नामक युवक छत के ऊपर बने गेट के रास्ते घर के अंदर घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ की।
धमकी देकर डराने का आरोप
पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी थी, जिससे वह काफी डर गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तत्काल महिला थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
मामले की जांच के बाद महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 74, 75(2), 115(2), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी दिलसाय चौहान, पिता स्वर्गीय समारू चौहान, उम्र 25 वर्ष, निवासी रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
महिला थाना टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरे मामले में महिला थाना प्रभारी दीपिका निर्मलकर, सहायक उप निरीक्षक विल्फ्रेड मसीह एवं महिला थाना का हमराह स्टाफ सक्रिय रूप से शामिल रहा। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
