नुक्कड़ नाटक के जरिए स्मार्ट मीटर का संदेश, 145 उपभोक्ताओं ने दिया सकारात्मक फीडबैक


राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटर पखवाड़ा के अंतर्गत 09 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एवं कबीरधाम जिले के सभी वितरण केंद्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की आधुनिक सुविधाओं से अवगत कराना और बिजली सेवाओं में पारदर्शिता को बढ़ावा देना है।
इसी कड़ी में राजनांदगांव शहर के कैलाश नगर स्थित विद्युत कार्यालय प्रांगण में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की उपयोगिता, सटीक बिलिंग प्रणाली, रियल-टाइम बिजली खपत की निगरानी और पारदर्शी बिजली प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

Uploaded Image
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण नुक्कड़ नाटक रहा, जिसके माध्यम से स्मार्ट मीटर के लाभों को सरल और रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता अपने मोबाइल पर हर आधे घंटे की वास्तविक समय की बिजली खपत देख सकते हैं और अनावश्यक खर्च पर नियंत्रण कर सकते हैं।
इस दौरान उपभोक्ताओं को मौके पर ही “मोर बिजली ऐप” डाउनलोड कराया गया। कुल 75 उपभोक्ताओं ने अपने मोबाइल में ऐप इंस्टॉल कर रियल-टाइम मॉनिटरिंग और ऑनलाइन बिल भुगतान की प्रक्रिया सीखी। कार्यक्रम में पश्चिमी और पूर्वी जोन से आए 145 उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दर्ज कराई।

Uploaded Image
कार्यक्रम में राजनांदगांव वृत्त के अधीक्षण अभियंता श्री शंकेश्वर कंवर, कार्यपालन अभियंता श्री कौशलेन्द्र पाण्डे, सहायक अभियंता श्री रोहित मंडावी, श्री प्रकाश नारायण वर्मा, कनिष्ठ अभियंता श्री कीर्ति देशमुख, सुश्री नेहा गढ़पायले सहित जीनस पावर की टीम एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को अत्याधुनिक तकनीक से सशक्त बनाना, स्मार्ट मीटर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा पारदर्शी एवं निर्बाध बिजली सेवाओं के नए दौर की ओर अग्रसर करना है। स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता अपनी खपत पर नजर रखकर ऊर्जा की बचत कर सकते हैं और समय पर ऑनलाइन भुगतान कर सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

Related Post