अरनोद में पुलिस क़ी बड़ी कार्रवाई – 27 ग्राम एमडी के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

अरनोद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई – 27 ग्राम एमडी के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

 

प्रतापगढ़ जिले के अरनोद थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।  पुलिस की टीम ने नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए 27 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार रूपाघाटी तलैया क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा सघन नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान गौतमेश्वर की ओर से आ रही एक HF डीलक्स मोटरसाइकिल (RJ 35 SK 2957) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बाइक सवारों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी फिरोज खान (35 वर्ष), निवासी नौगांव, थाना अरनोद के पास से एक प्लास्टिक थैली में 27 ग्राम एमडी बरामद की गई। उसके साथ मौजूद रामलाल मीणा (35 वर्ष), निवासी रूंडिया, थाना अरनोद को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था।

जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके।

Related Post