महिलाओं के सशक्तिकरण की मिसाल बनी महतारी वंदन योजना

प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रही इस योजना ने न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया है, बल्कि उन्हें समाज में सम्मान और नई पहचान भी दिलाई है।

इस योजना के तहत महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जो उनके लिए एक स्थायी सहारा बनकर उभरी है। इससे वे अपने दैनिक खर्चों को आसानी से पूरा कर पा रही हैं और परिवार की जिम्मेदारियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

कोरबा शहर के पोड़ीबहार निवासी श्यामा प्रजापति इस योजना की लाभार्थी हैं। आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत श्यामा प्रजापति को हर माह एक हजार रुपये की सहायता राशि मिल रही है, जिससे उनके जीवन में उल्लेखनीय सुधार आया है।

श्यामा प्रजापति बताती हैं कि उन्हें अब तक योजना की 26 किश्तें मिल चुकी हैं, जिसने उनके जीवन में स्थिरता और भरोसा बढ़ाया है। पहले जहां छोटी-छोटी जरूरतों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब वे अपने खर्चों, बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को खुद पूरा कर पा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इस योजना से न केवल आर्थिक मजबूती मिली है, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ा है। अब वे अपने परिवार के भविष्य को लेकर अधिक आश्वस्त महसूस करती हैं और समाज में अधिक सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

श्यामा प्रजापति के अनुसार, महतारी वंदन योजना लाखों महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें समाज में सशक्त पहचान भी प्रदान कर रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस योजना ने महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है और उन्हें अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाया है।

Related Post