कोंडागांव, 20 मार्च 2026 | जिले के फरसगांव-बड़ेडोंगर मार्ग पर वन विभाग ने तेन्दुआ खाल तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 19 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर रायपुर उड़नदस्ता दल और केशकाल वनमंडल की संयुक्त टीम ने ग्राम बैलगांव के पास घेराबंदी की।
वन विभाग ने सौदे के बहाने आरोपियों को बुलाया, जिसके बाद वे मोटरसाइकिल और ईको वाहन में तेन्दुआ खाल लेकर पहुंचे। टीम ने मौके पर ही सभी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने करीब 7 माह पहले तेन्दुए का शिकार कर उसकी खाल बेचने की योजना बनाई थी। बरामद खाल की लंबाई 195 सेंटीमीटर है।

मुख्य आरोपी को नारायणपुर से गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से भरमार बंदूक भी बरामद हुई। सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
