कोण्डागांव, 10 फरवरी 2026 | कोंडागांव जिले के संवेदनशील क्षेत्र एवं जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत बयानार में आज 10 फरवरी 2026 को थाना बयानार पुलिस द्वारा विधिक साक्षरता शिविर एवं नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बयानार के प्राचार्य, शाला स्टाफ, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामवासियों की सहभागिता से सम्पन्न हुआ।
अभियान के तहत तंबाकू, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने हेतु जागरूकता रैली निकाली गई। साथ ही यातायात नियमों का पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, तेज रफ्तार वाहन न चलाने तथा सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी गई।

इसके अलावा साइबर ठगी से बचाव, अनजान लिंक/ईमेल पर क्लिक न करने, डिजिटल सुरक्षा उपायों तथा विधिक सेवा प्राधिकरण से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान चलित थाना भी लगाया गया, जिससे ग्रामीणों को कानूनी नियमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई।
