कृषक उन्नति योजना, 43 हजार किसानों को होली से पहले बड़ी सौगात

छत्तीसगढ़ शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत कोरबा जिले के हजारों अन्नदाताओं के खातों में आज अंतर की राशि अंतरित की जा रही है। होली पर्व से पहले मिली इस आर्थिक सौगात से किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है।

माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। धान विक्रय करने वाले किसानों को घोषित समर्थन मूल्य के अतिरिक्त अंतर की राशि प्रदान कर उनके परिश्रम का सम्मान किया जा रहा है।

जिले के 43 हजार 681 किसानों ने योजना का लाभ उठाया है। जिले में कुल 27 लाख 47 हजार 101.20 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है, जिसके एवज में किसानों के खातों में 20 हजार 081.31 लाख रुपये (लगभग 200.81 करोड़ रुपये) की राशि हस्तांतरित की जा रही है।

विकासखंडवार आंकड़ों में करतला विकासखंड सबसे आगे रहा, जहां 13 हजार 358 किसानों को 7 हजार 184.80 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा। पाली विकासखंड के 10 हजार 157 किसानों को 4 हजार 048.54 लाख रुपये, पोड़ी उपरोड़ा के 7 हजार 649 किसानों को 3 हजार 315.54 लाख रुपये, कोरबा विकासखंड के 7 हजार 068 किसानों को 3 हजार 467.10 लाख रुपये तथा कटघोरा विकासखंड के 5 हजार 449 किसानों को 2 हजार 065.33 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

कृषक उन्नति योजना से न केवल किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिल रही है। त्योहार से पहले मिली यह आर्थिक सहायता किसानों और उनके परिवारों के लिए खुशियों का संदेश लेकर आई है।

Related Post