स्वच्छता और नागरिक सहभागिता के क्षेत्र में कोरबा एक नया इतिहास रचने की ओर अग्रसर है। कोरबा को गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 6 फरवरी को एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पार्षदों के साथ-साथ हजारों नागरिक सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए महापौर संजू देवी राजपूत ने निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में नगर निगम के पार्षदों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जनसहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ने का आह्वान किया गया।
बैठक के दौरान पार्षदों ने करतल ध्वनि के साथ आयोजन का स्वागत किया और कोरबा को गौरव दिलाने हेतु पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह आयोजन केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि कोरबा की एकता, संकल्प और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का प्रतीक बनेगा।
महासंकल्प 2026 के अंतर्गत यह वृहद आयोजन 06 फरवरी को सुबह 10 बजे, घंटाघर से रविशंकर शुक्ल नगर मुख्य मार्ग पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान एक ही बैनर पर 10 हजार से अधिक नागरिकों द्वारा स्वच्छता शपथ पर हस्ताक्षर कराए जाएंगे। इस अभिनव पहल के माध्यम से पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए कोरबा के नाम नया गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज कराने का लक्ष्य रखा गया है।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि कोरबा के नागरिकों में हर बड़े लक्ष्य को हासिल करने की क्षमता है। उन्होंने पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में आयोजन स्थल पर पहुंचकर स्वच्छता शपथ पर हस्ताक्षर करें और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि महासंकल्प 2026 के अंतर्गत यह पहला बड़ा आयोजन है और कोरबावासियों की सामूहिक सहभागिता से यह लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा होगा। वहीं सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने इसे कोरबा के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि नगर निगम का यह प्रयास प्रशंसनीय है और सभी को मिलकर इसे सफल बनाना चाहिए।
आयोजन के तहत 280 मीटर लंबा बैनर लगाया जाएगा, जिसे 14 जोन और 70 सेक्टर में विभाजित किया गया है। विभिन्न विभागों, संस्थाओं, संगठनों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक समूहों और नागरिकों के लिए अलग-अलग सेक्टर निर्धारित किए गए हैं, जिससे व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
इस ऐतिहासिक अभियान में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठन, महिला समूह, सफाईमित्र और आम नागरिक मिलकर कोरबा को स्वच्छता और सामूहिक संकल्प का विश्व रिकॉर्ड दिलाने के लिए एकजुट होंगे।
