होली पर कोरबा पुलिस का कड़ा एक्शन, 52 उपद्रवी जेल में

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग एवं कसावट अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।

“सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत असामाजिक तत्वों, गुंडागर्दी एवं अड्डेबाजी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 17 गिरफ्तारी वारंट एवं 13 स्थायी वारंट सहित कुल 30 वारंटियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। साथ ही 22 असामाजिक तत्वों को धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इस प्रकार कुल 52 आरोपियों को एक ही दिन में जेल दाखिल कराया गया।

पुलिस द्वारा धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत 120 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं अवैध महुआ शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए 17 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 46 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती बरती गई। मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत 121 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई, जिसमें बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी, नशे में वाहन चलाने एवं अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले शामिल हैं।

पिछले तीन दिनों में कुल 91 बदमाशों एवं अड्डेबाज उपद्रवी तत्वों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

कोरबा पुलिस की अपील

सभी नागरिक होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं कानून के दायरे में रहकर मनाएं। किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Related Post