कोंडागांव, 3 फरवरी 2026 | छत्तीसगढ़ के बालोद जिला के दल्ली राजहरा स्थित शहीद वीर नारायण सिंह व्यायाम शाला में 31 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित नेशनल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप 2026 में कोंडागांव के "मैन ऑफ स्टील" जिम के ट्रेनर मयंक पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतकर फिर से इतिहास रच दिया है। वहीं प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियनशिप में उन्हें सिल्वर मेडल से सम्मानित भी किया गया।
मयंक पटेल की इस उपलब्धि से न केवल कोंडागांव, बल्कि पूरे बस्तर अंचल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच मयंक ने अपनी फिटनेस, अनुशासन और तकनीकी प्रशिक्षण के दम पर निर्णायकों को प्रभावित किया।

मयंक ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और मैन ऑफ स्टील जिम में मिले उच्चस्तरीय प्रशिक्षण को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी प्रशिक्षकों, साथियों और शुभचिंतकों की है, जिन्होंने उन्हें निरंतर प्रोत्साहित किया।

उल्लेखनीय है कि दल्ली राजहरा में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के नामी बॉडीबिल्डर्स ने भाग लिया और अपनी फिटनेस प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मैन ऑफ स्टील जिम – कोंडागांव का फिटनेस हब
कोंडागांव नगर में संचालित मैन ऑफ स्टील जिम पिछले 09 वर्षों से जिले के युवाओं के लिए फिटनेस और बॉडीबिल्डिंग का प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र बना हुआ है। यहाँ 120 से अधिक युवक एवं युवतियां नियमित रूप से वैज्ञानिक प्रशिक्षण, पोषण परामर्श और फिटनेस गाइडेंस प्राप्त कर रहे हैं।

जिम प्रबंधन का कहना है कि उनका लक्ष्य जिले के युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान दिलाना है। ट्रेनर मयंक पटेल की इस ऐतिहासिक सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कोंडागांव जैसे छोटे शहर से भी राष्ट्रीय स्तर की बड़ी उपलब्धियां संभव हैं।
